डॉ. ओमप्रकाश परगनिहा

डॉ. ओमप्रकाश परगनिहा, कृषि विस्तार विषय में प्राध्यापक के पद पर इंदिरा गांधी कृषि ¬विश्वविद्यालय, रायपुर (छ.ग.) के अंतर्गत कृषि महाविद्यालय एवं अनुसंधान केन्द्र, मर्रा (पाटन) में पदस्थ हैं। उन्होंने विश्वविद्यालय में अपनी सेवाएं सन् 2007 से प्रारंभ करते हुए सन् 2012 तक कृषि विज्ञान केन्द्र में विषय वस्तु विशेषज्ञ के पद पर पदस्थ रहते हुए 5 वर्षों तक कृषकों के बीच कृषि तकनीकी प्रसार में संलग्न रहे। तत्पश्चात् सेवारत रहते हुए सन् 2016 में इंदिरा गांधी कृषि विश्वविद्यालय से कृषि विस्तार विषय में पी-एच.डी. की उपाधि प्राप्त की। वे सन् 2013 से कृषि स्नातक शिक्षण एवं कृषि अनुसंधान कार्यों में संलग्न हैं। डॉ. परगनिहा 2023-24 में एक वर्ष के लिए कृषि महाविद्यालय एवं अनुसंधान केन्द्र, मर्रा (पाटन) में अधिष्ठाता के रूप में अपनी सेवाएं दे चुके हैं। उनके द्वारा आर्गेनाईजेशनल डेवलपमेंट, कृषि स्नातकों एवं उद्यमी कृषकों की कहानी विषय पर तीन पुस्तकें पूर्व में लिखी जा चुकी है। ओमप्रकाश परगनिहा के नाम से उनका स्वयं का यूट्यूब चैनल है जिसमें स्नातक स्तरीय कृषि विस्तार विषयों पर लगभग 50 विडियो लेक्चर्स अपलोड किये गये हैं। उनके द्वारा 60 से अधिक शोध पत्र विभिन्न राष्ट्रीय एवं अंतर्राष्ट्रीय शोध पत्रिकाओं में प्रकाशित किये जा चुके हैं। उनके मार्गदर्शन में तीन स्नातकोत्तर विद्यार्थी शोध कार्य कर चुके हैं। डॉ. परगनिहा प्रमुख अन्वेषक एवं सह-अन्वेषक के रूप में दस से अधिक अनुसंधान परियोजनाओं का सफलतापूर्वक संचालन कर चुके हैं। सन् 2015-16 में उनको शिक्षण के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्यों हेतु विश्वविद्यालय द्वारा सर्वश्रेष्ठ शिक्षक के रूप में सम्मानित किया जा चुका है। इसके अतिरिक्त उन्हें कई अवसरों पर एक्सीलेंस इन टीचिंग अवार्ड, बेस्ट एक्टेंशन प्रोफेशनल अवार्ड, यंग साइंटिस्ट अवार्ड आदि से सम्मानित किया जा चुका है।